ऋषिकेश में महिला आरक्षण को लेकर यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सरकार पर गंभीरता न दिखाने का आरोप। महिला आरक्षण लागू करने की मांग तेज, चेतावनी—कार्रवाई न हुई तो आंदोलन होगा उग्र।
उत्तराखंड में महिला आरक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है। ऋषिकेश में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
देहरादून तिराहा पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने किया।
इस दौरान हिमांशु कश्यप ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों और प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीर नहीं है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग करते हुए अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी देर तक गरम रहा और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया, लेकिन इस मुद्दे पर सियासी हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।