हरिद्वार में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। युवक ने पूछताछ में माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की, जबकि पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू...
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में युवक गोवंश के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करता नजर आ रहा था, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सोशल मीडिया पर नाराजगी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वालापुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपने बयान पर माफी मांगते हुए गलती स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान जीशान पुत्र अब्दुल करीम निवासी मोहल्ला घोसियान, कोतवाली ज्वालापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी धर्म, समुदाय या आस्था से जुड़ी भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।