राजाजी टाइगर रिजर्व में हाई-प्रोफाइल शादी पर विवाद, प्रतिबंधित क्षेत्र में आयोजन पर कार्रवाई। चार वनकर्मी दोषी पाए गए, दो निलंबित, रेंजर और दरोगा हटाए गए।
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राजाजी टाइगर रिजर्व के अंदर हुई एक हाई-प्रोफाइल शादी अब विवादों में आ गई है। यह मामला कैबिनेट मंत्री खजानदास के बेटे की शादी से जुड़ा है, जिसकी तैयारियां रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में की जा रही थीं। जानकारी के मुताबिक, सुरेश्वरी देवी मंदिर क्षेत्र में बिना अनुमति भारी वाहनों की आवाजाही हुई और शादी के लिए सामान अंदर ले जाया गया। जबकि नियमों के अनुसार, टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की अनुमति नहीं होती। मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई। इसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार कर्मियों पर गाज गिराई। दो फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया गया, जबकि प्रभारी रेंजर और वन दरोगा को उनके पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही हरिद्वार रेंज की जिम्मेदारी नई रेंजर को सौंप दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद पर्यावरण से जुड़े लोगों ने भी सवाल उठाए हैं कि आखिर ऐसे संवेदनशील इलाके में इस तरह के आयोजन की अनुमति कैसे दी गई। फिलहाल विभाग ने साफ कर दिया है कि आगे से इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।