हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र से 6 साल का मासूम बच्चा लापता हो गया। परिवार ने एक परिचित पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी है।
हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां छह साल का मासूम बच्चा अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने के बाद परिवार में बेचैनी और डर का माहौल बना हुआ है। बच्चे के नाना भूरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए एक परिचित व्यक्ति पर गंभीर शक जताया है। जानकारी के मुताबिक, वन जंगल चंडीघाट निवासी भूरा अपने नाती इनायत की देखभाल कर रहा था। लेकिन करीब एक महीने पहले बच्चा अचानक लापता हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इसी बीच 11 मई को भूरा की मुलाकात सिद्ध स्रोत गाजीवाली निवासी गुलाम रसूल उर्फ पाई से हुई, जो पहले उनके घर आता-जाता था। तो वही पीड़ित का आरोप है कि जब उसने बच्चे के बारे में पूछताछ की तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए मारपीट की और तलाश जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इसके बाद परिवार का शक और गहरा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्यामपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के मुताबिक, बच्चे की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।