हरिद्वार के खदरी खड़क माफ क्षेत्र में झोपड़ी में लगी भीषण आग में 74 वर्षीय मंगत सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस और फायर टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
हरिद्वार के खदरी खड़क माफ क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से 74 वर्षीय मंगत सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे खदरी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास स्थित झोपड़ी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर चौकी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को अंदर जाने का मौका नहीं मिला। इस दौरान सबसे दर्दनाक दृश्य तब सामने आया, जब बुजुर्ग के बेटे बाहर खड़े होकर उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन तेज लपटों के कारण अंदर नहीं जा सके।
काफी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब झोपड़ी के भीतर से बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।