हरिद्वार से कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत हो गई....
हरिद्वार से कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ से करीब 20 श्रद्धालुओं का दल गंगाजल लेने हरिद्वार आया था। वही सभी हरकी पैड़ी से जल भरकर लौट रहे थे। इसी दौरान ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास कुछ युवक रुक गए और दोपहर करीब साढ़े तीन बजे, एक किशोर नहर में नहाने उतरा, लेकिन तेज बहाव और गहराई में फंसकर डूबने लगा।
अपने साथी को संकट में देख तीन अन्य युवक भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े… लेकिन हालात ऐसे बने कि चारों ही तेज बहाव और नीचे की दलदली मिट्टी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
देखते ही देखते चारों युवक पानी में समा गए…घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस, SDRF और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बता दे, गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
वही मृतकों की पहचान शिवांशु, नीतीश, भरत और रोहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी नाबालिग थे। इस हादसे के बाद उनके साथ आए अन्य कांवड़ियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, जहां यह हादसा हुआ, वहां नहाने की अनुमति नहीं है और पहले से ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। बावजूद इसके युवक नहर में उतर गए।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केवल अधिकृत घाटों पर ही स्नान करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।