Haridwar में Buddha Purnima पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी भारी भीड़, हर की पैड़ी पर आस्था का सैलाब। प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और ट्रैफिक डायवर्जन लागू, हाईवे पर जाम की स्थिति।
हरिद्वार में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही हर की पैड़ी समेत सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
देशभर से पहुंचे श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना कर रहे हैं। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पूरे वैशाख माह के स्नान के बराबर फल प्राप्त होता है, यही कारण है कि देर रात से ही श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया था।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात है, वहीं CCTV कैमरों और बम निरोधक दस्ते की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।
हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते हाईवे पर जाम की स्थिति भी बनी हुई है। ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है और विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
फिलहाल, धर्मनगरी हरिद्वार में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।