हरिद्वार के बहादराबाद में चर्चित राजवीर हत्याकांड का खुलासा। प्रेम संबंध के विवाद में दो आरोपियों ने रची साजिश, हथौड़े से हत्या कर शव खेत में फेंका, दोनों गिरफ्तार।
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या की वजह भी सामने ला दी है, जो रिश्तों के विवाद से जुड़ी हुई निकली। दरअसल, 27 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावर द्वारा सिर पर वार कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी भिजवाया। बाद में परिजनों ने मृतक की पहचान राजवीर सिंह के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस टीम का गठन किया गया और जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर एक संदिग्ध मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। इसी क्रम में पुलिस ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास से एक युवक पंकज कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसका मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी विवाद के चलते पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 26 अप्रैल की शाम दोनों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास पॉपलर के खेत में बुलाया और हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने पंकज की निशानदेही पर उसके साथी छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। फिलहाल, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।