हरिद्वार के गोविंदपुरी कॉलोनी में नाबालिग किशोरी का शव संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
हरिद्वार के गोविंदपुरी कॉलोनी में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक नाबालिग किशोरी का शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जरूरी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में अभी तक मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले को खंगालने में जुटी हुई है।
वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी तरफ पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, इलाके के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की है।