हरिद्वार में साधु की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, नेपाली युवक गिरफ्तार; डंडे और पत्थर से उतारा था मौत के घाट
हरिद्वार में साधु हत्या कांड का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक साधु की अब तक पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अपनी ओर से FIR दर्ज की।"
पुलिस के अनुसार, रोडीबेलवाला क्षेत्र में दीनदयाल पार्किंग के अंडरपास के पास एक साधु पर हमले की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि करीब 40-45 वर्षीय अज्ञात साधु गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था, जिसके सिर और माथे पर गहरी चोटें थीं। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तत्काल जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और संदिग्ध की तलाश के लिए खुफिया विभाग सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग में एक संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा निवासी नेपाल बताया। उसने कबूल किया कि सोने को लेकर हुए पुराने विवाद के चलते उसने साधु की डंडे और पत्थर से हत्या कर दी। घटना के समय वह नशे में था और गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।