अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग 9 से 13 मार्च तक सभी 13 जिलों में “महिला जनसुनवाई” अभियान चलाएगा।
हरिद्वार: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने प्रदेशभर में महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत 09 से 13 मार्च 2026 तक राज्य के सभी 13 जिलों में “महिला जनसुनवाई” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोग के अभियान “महिला आयोग आपके द्वार” के तहत 11 मार्च को हरिद्वार में भी महिला जनसुनवाई कैंप लगाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें न्याय दिलाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बताया कि भौगोलिक दूरियों के कारण कई बार पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत लेकर आयोग तक नहीं पहुंच पातीं। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग स्वयं जिलों में पहुंचकर महिलाओं की शिकायतें सुनेगा और उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगा।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके और पीड़ित महिलाओं को तुरंत राहत मिल सके।