रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने विधायक दीवान सिंह बिष्ट के आवास पहुंचकर शोक जताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा ऐतिहासिक बन रही है और एक महीने में 20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं
पुष्कर सिंह धामी रविवार को रामनगर पहुंचे, जहां उन्होंने रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट के आवास जाकर उनकी पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए चारधाम यात्रा समेत कई अहम मुद्दों पर जानकारी दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक यात्रा साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने के केवल एक महीने के भीतर ही करीब साढ़े 20 लाख श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही लगातार श्रद्धालुओं के पंजीकरण में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के उत्तराखंड पहुंचने से पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। सरकार का पूरा फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू हो चुकी है और आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही सरकार एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नीति क्षेत्र में हाई एल्टीट्यूड एक्सट्रीम मैराथन का आयोजन भी कर रही है।
वहीं गर्मी के मौसम को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल, वनाग्नि, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं और सभी विभाग लगातार अलर्ट मोड पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपदा से समय रहते निपटा जा सके।