हल्द्वानी में गैस गोदामों पर भीड़ के बीच डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि गोदामों में लाइन लगाने के बजाय एजेंसी से बुकिंग कर होम डिलीवरी लें।
HALDWANI NEWS-: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में गैस गोदामों पर लग रही लंबी लाइनों को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को गोदामों तक जाकर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।
जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम समेत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से सिलेंडर बुक करें, जिसके बाद उन्हें घर पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
डीएम रयाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि गैस को लेकर किसी प्रकार की घबराहट न फैलाएं। पहले की तरह नियमित रूप से गैस की होम डिलीवरी जारी रहेगी और अनावश्यक रूप से गैस गोदामों तक पहुंचकर लाइन लगाने से बचें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अधीनस्थ अधिकारियों को लगातार स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।