रामनगर के तेलीपुरा रोड पर खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग के गोले में बदल गया। दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया, लेकिन लाखों का नुकसान हो गया।
Ramnagar में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब तेलीपुरा रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास खड़ा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक जलकर राख हो गया।
घटना के बाद मौके पर धुआं और आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, तभी उसमें अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
सबसे बड़ी बात यह रही कि जिस स्थान पर ट्रक खड़ा था, वहां अन्य वाहन भी मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया। आग की चपेट में उसी मालिक का एक और ट्रक भी आ गया, हालांकि फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया।
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहनों को काफी नुकसान हो चुका था। ट्रक मालिक जाहिद हुसैन के अनुसार एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि दूसरे ट्रक को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।