भवाली: बाईपास और कैंचीधाम कार्यों का मुख्य सचिव ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश !

नैनीताल दौरे पर आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम में जाम समाधान से जुड़ी परियोजनाओं और बायपास कार्यों का निरीक्षण किया।

भवाली: बाईपास और कैंचीधाम कार्यों का मुख्य सचिव ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश !
JJN News Adverties

NAINITAL NEWS-: नैनीताल जिले के भ्रमण पर पहुंचे आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भवाली बायपास, भवाली-रातिघाट बाईपास, कैंचीधाम मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों और नैनीताल मालरोड में भू-धंसाव रोकथाम कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातिघाट) मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास को पर्यटन सीजन से पहले हर हाल में चालू किया जाए। जब तक स्थायी मोटर पुल तैयार नहीं होता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में वैली ब्रिज स्थापित कर यातायात सुचारू किया जाए।

उन्होंने कहा कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में बेहतर यातायात और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बाबा नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए बाईपास का निर्माण प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार भवाली-सैनिटोरियम से रातिघाट तक 18.15 किमी बाईपास में से 8 किमी मार्ग तैयार हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में तेजी से कार्य जारी है। इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए मोटर पुल का निर्माण भी प्रगति पर है।

इसके अलावा मुख्य सचिव ने भवाली बायपास और शिप्रा नदी पर बने डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया, जो अब यातायात के लिए चालू हो चुका है। इससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

कैंचीधाम में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों के तहत मल्टीलेवल पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और फैसिलिटेशन सेंटर के निर्माण का भी जायजा लिया गया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाने को कहा।

भ्रमण के दौरान उन्होंने नैनीताल मालरोड में भू-धंसाव रोकने के लिए चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

JJN News Adverties
JJN News Adverties