बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 4300 परिवारों के लिए आवास योजना के कैंप लगाए जाएंगे
HALDWANI NEWS-: हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। लगभग 30 हेक्टेयर भूमि में 4300 से अधिक प्रभावित परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में आज हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने क्षेत्र में आवास योजना के फॉर्म वितरण की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर फॉर्म बांटे जाएंगे।
सिटी मजिस्ट्रेट के अनुसार, 21 मार्च से रेलवे अतिक्रमण क्षेत्र में छह अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों के प्रधानमंत्री आवास योजना के फॉर्म भरवाए जाएंगे। इन सभी प्रक्रियाओं की रिपोर्ट तैयार कर सुप्रीम कोर्ट को भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण क्षेत्र में करीब 50 हजार से अधिक की आबादी इस मामले से प्रभावित हो रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाकर उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।