नैनीताल के चर्चित नरेश पांडे केस में नया मोड़। दूसरी शिकायत के बाद पहली शिकायतकर्ता युवती को भी गिरफ्तार किया गया, लेकिन कोर्ट ने सबूतों के अभाव में जमानत दे दी।
नैनीताल के चर्चित नरेश पांडे प्रकरण में अब एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। दरअसल, नरेश पांडे पर पहले एक छात्रा ने शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में नरेश पांडे की अग्रिम जमानत निचली अदालत और उत्तराखंड हाईकोर्ट दोनों जगह से खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद वह फरार चल रहा था।
इसी बीच एक दूसरी युवती ने नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण और जबरन शारीरिक संबंध बनवाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले नरेश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेजा और बाद में पहली शिकायतकर्ता युवती को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
वही सुनवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन ने कहा कि संबंधित युवती स्वयं भी इस मामले में पीड़िता है और फिलहाल उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य अदालत के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इसके बाद अदालत ने उसे 30 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।