रिहायशी इलाके में नई शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से दुकान का लाइसेंस रद्द कर इसे तत्काल हटाने की मांग की।
कालाढूंगी में आबादी क्षेत्र के बीच नई शराब की दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी के चलते क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और दुकान को तत्काल वहां से हटाने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि यह दुकान पहले किसी अन्य स्थान पर खोली गई थी, लेकिन विरोध के बाद इसे रिहायशी इलाके में स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे अब लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
वहीं प्रदर्शन के दौरान लोगों ने साफ शब्दों में कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब की दुकान किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मिला, जबकि मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से दुकान का लाइसेंस रद्द करने की मांग की।
इसके बाद क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी, आबकारी अधिकारी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए दुकान का आवंटन निरस्त करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है।