नैनीताल में साइबर ठगों ने कालाढूंगी कोतवाली में तैनात एएसआई लेखराज सिंह के बैंक खाते से आठ ट्रांजेक्शन में 5 लाख रुपये उड़ा दिए।
नैनीताल में साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब उनकी ठगी का शिकार खुद पुलिस विभाग का एक अधिकारी बन गया है।जानकारी के मुताबिक कालाढूंगी कोतवाली में तैनात अपर उपनिरीक्षक यानी एएसआई लेखराज सिंह के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5 लाख रुपये निकाल लिए।
बताया जा रहा है कि लेखराज सिंह साल 2024 से फरवरी 2026 तक भवाली कोतवाली में तैनात थे और उनका वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक की गदरपुर शाखा में संचालित है। तो वही 22 फरवरी 2026 की रात उनके खाते से यह पूरी रकम निकाल ली गई। खाते से पैसे कटने की जानकारी मिलते ही उन्होंने अगले दिन राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद भवाली कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
बता दे कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके और पीड़ित की रकम वापस दिलाई जा सके।तो बही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी को किसी के साथ साझा न करें। यदि बैंक खाते से कोई अनधिकृत लेनदेन होता है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।