रात से जारी मूसलाधार बारिश ने सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के चलते आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण मार्गों के साथ एक प्रमुख जिला मार्ग .....
देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण मार्गों के साथ-साथ एक प्रमुख जिला मार्ग भी मलवा आने से बाधित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक अलचोना मोटर मार्ग, मोरनोला-भंडारपानी मार्ग, पदमपुर-हैड़ाखान मार्ग, हरिशताल मोटर मार्ग और भुजान-बेतालघाट मुख्य मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से आवाजाही ठप हो गई है। इन मार्गों को खोलने के लिए प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो नैनीताल क्षेत्र में लगभग 43 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि बेतालघाट क्षेत्र में करीब 12 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज पूरे दिन मौसम खराब रहने और लगातार बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर साफ नजर आ रहा है। स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम रही, वहीं पर्यटक भी होटलों में ही ठहरने को मजबूर हैं। चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ है, जिस कारण साफ दिखाई नहीं दे रहा है
इसके अलावा नाले और गधेरे उफान पर हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर भी महसूस किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।