रामनगर में ईद-उल-अजहा का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाहों में नमाज अदा कर लोगों ने अमन-चैन की दुआ मांगी, कुर्बानी और मुबारकबाद के साथ दिखी खुशी की रौनक।
रामनगर में ईद उल अजहा यानी बकरीद का त्योहार गुरुवार को पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
सुबह करीब साढ़े सात बजे रामनगर ईदगाह में शहर इमाम गुलाम मुस्तफा नईमी ने नमाज अदा कराई, जहां बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे। वहीं, मोहल्ला खताड़ी की बड़ी मस्जिद में भी सुबह सात बजे मुफ्ती अकील अहमद ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे शहर में भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
इसके बाद लोग कब्रिस्तानों में पहुंचे और अपने परिजनों के लिए फातिहा पढ़ी। वहीं, परंपरा के अनुसार कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हुआ और पूरे दिन त्योहार की रौनक बनी रही।
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार गश्त करती नजर आई। साथ ही नगर पालिका ने भी साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखी।
इमाम गुलाम मुस्तफा नईमी ने कहा कि ईद का त्योहार हमें प्यार, भाईचारे और कुर्बानी का संदेश देता है।