नैनीताल में वीकेंड ट्रैफिक को लेकर सख्ती, 2-3 मई को विशेष प्लान लागू। भारी वाहनों पर रोक, डायवर्जन और कैंची धाम के लिए शटल सेवा की व्यवस्था।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पर्यटन सीजन और वीकेंड की भीड़ को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी से नैनीताल तक सख्त ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके और लोगों को राहत मिल सके। पुलिस के अनुसार, 2 और 3 मई को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं सुबह 6 बजे से ही पुलिस की पूरी टीम सड़कों पर तैनात रहेगी। सभी थाना प्रभारी और अधिकारी खुद मैदान में उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। भारी वाहनों पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पर्यटन रूट पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इन वाहनों को शहर के बाहर तय स्थानों पर ही रोका जाएगा। तो वही पर्यटकों के लिए अलग-अलग डायवर्जन रूट बनाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक खास डायवर्जन प्लान भी लागू रहेगा। और कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी नई व्यवस्था की गई है। वहां निजी वाहन नहीं जा सकेंगे। पार्किंग से शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस ने सभी लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और तय रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और आसान बनी रहे।