हल्द्वानी शहर में प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही दो बड़ी इमारतों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
HALDWANI NEWS-: हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही दो बड़ी इमारतों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में की गई। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने उन दो अवैध भवनों को तोड़ना शुरू किया, जो सरकारी जमीन पर बने हुए थे और सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक दोनों इमारतें काफी बड़ी हैं, इसलिए इन्हें पूरी तरह ध्वस्त करने में कई दिन लग सकते हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि शहर के कई इलाकों में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी अतिक्रमण किया गया है, उसे स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।