नैनीताल आत्महत्या मामले में बड़ा एक्शन, खैरना चौकी का पूरा स्टाफ सस्पेंड। युवक के सुसाइड नोट में पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार और पैसे छीनने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
नैनीताल में हुए एक आत्महत्या मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खैरना चौकी के पूरे स्टाफ पर बड़ी कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी रमेश पंत समेत पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
दरअसल, 28 अप्रैल को बेतालघाट के लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट खैरना क्षेत्र में नदी और पहाड़ी का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। बाद में पुलिस ने मेडिकल कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस एक्ट में चालान कर युवक को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
वहीं, परिजनों का कहना है कि घर लौटते समय बालम ने फोन पर पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार की बात बताई थी।
आरोप है कि उसका सिम कार्ड तोड़ा गया और पैसे भी छीने गए। इसी तनाव के बीच युवक ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।