हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर अचानक पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। प्रशासन की तत्परता से पेड़ हटाकर ट्रैफिक बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
नैनीताल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर रविवार दोपहर बड़ियाछाना क्षेत्र में एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
बता दे, पेड़ गिरने के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान मौके से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने तत्काल स्थिति का संज्ञान लिया और जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पेड़ हटाने के निर्देश दिए।
हालांकि, कुछ दोपहिया और अन्य वाहन चालक जोखिम उठाते हुए पेड़ के नीचे से निकलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए उन्हें रोक दिया गया।
प्रशासन की तत्परता से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया और कुछ ही समय में यातायात को सुचारू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।