नैनीताल के लेक ब्रिज चुंगी पर कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार को लेकर बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताई। आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई, CCTV और सख्त नियमों की मांग की गई।
नैनीताल में लेक ब्रिज चुंगी पर कर्मचारियों के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर अब जिला बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। मामले को लेकर बार एसोसिएशन ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपते हुए चुंगी व्यवस्था में सुधार और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, बार एसोसिएशन के अनुसार एक अगस्त की रात वरिष्ठ अधिवक्ता स्वाति परिहार के साथ लेक ब्रिज चुंगी पर कर्मचारियों का विवाद हुआ था। इस मामले की शिकायत तल्लीताल थाने में भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, बाद में संबंधित कर्मचारियों की ओर से माफीनामा दिए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, बार एसोसिएशन का आरोप है कि चुंगी पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में एसोसिएशन ने कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन, वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य करने, सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था के साथ औचक निरीक्षण की मांग की है। साथ ही चुंगी स्थलों पर मद्यपान पर रोक लगाने की भी अपील की गई है।