धमाके से कांपा नैनीताल बाजार! सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में देर रात और तड़के कुछ ही घंटों के अंतराल में आग लगने की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया....

धमाके से कांपा नैनीताल बाजार! सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग
JJN News Adverties

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में देर रात और तड़के कुछ ही घंटों के अंतराल में आग लगने की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना भोटिया मार्केट में सामने आई, जहां सिलेंडर विस्फोट के बाद दो फास्ट फूड दुकानों में भीषण आग लग गई। वहीं दूसरी घटना गाड़ी पड़ाव स्थित मायाजाल गेमिंग जोन में हुई, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सिलेंडर विस्फोट के बाद दो फास्ट फूड दुकानें जलकर राख

जानकारी के अनुसार, भोटिया मार्केट में अचानक सिलेंडर विस्फोट के बाद दो फास्ट फूड दुकानों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग को जानकारी दी गई। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों दुकानों को काफी नुकसान पहुंचा।

मायाजाल गेमिंग जोन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

दूसरी घटना तड़के गाड़ी पड़ाव स्थित मायाजाल गेमिंग जोन में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण यहां आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की।

दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के दौरान एक फायर टेंडर का पानी खत्म हो गया था। इसके बाद दूसरे वाहन से पंपिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

दोनों घटनाओं में जनहानि नहीं

राहत की बात यह रही कि आग की दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, भोटिया मार्केट की दोनों दुकानों को आग से काफी नुकसान हुआ है।

अग्निशमन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। साथ ही किसी भी प्रकार की आग या आपात स्थिति की सूचना तत्काल दमकल विभाग को देने की अपील की गई है।

JJN News Adverties