वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। भारी वाहनों पर रोक, रूट डायवर्जन और कैंची धाम के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
4 और 5 जुलाई के वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है, जो दोनों दिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पर्वतीय मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
साथ ही बरेली और रुद्रपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नरीमन तिराहे से होकर भेजा जाएगा। वहीं रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बता दे, जरूरी सेवाओं जैसे दूध, सब्जी और ईंधन से जुड़े वाहनों का आवागमन भी दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
वही शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास के रास्ते कालाढूंगी की ओर भेजा जाएगा, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
दरअसल, कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी की है। जो श्रद्धालु भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाएंगे, उन्हें अपने निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े करने होंगे। वहीं नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे, जहां से शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।