रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंपावत दुष्कर्म मामले को लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
रामनगर में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंपावत में नाबालिग किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया। प्रदर्शन में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि सरकार एक तरफ बेटी बचाओ और नारी सम्मान की बातें करती है, लेकिन दूसरी ओर प्रदेश में महिलाएं और बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बावजूद पुलिस और प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों को बचाने में जुटे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़िता को ही गलत साबित करने की कोशिश की जा रही है। रणजीत सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग भी की।