नैनीताल में "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" सेवा पखवाड़ा के तहत बहुउद्देशीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया...
नैनीताल में "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" सेवा पखवाड़ा के तहत बहुउद्देशीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
वही शिविर का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने किया। इस दौरान 27 सरकारी विभागों ने एक ही परिसर में अपने स्टॉल लगाए और लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही उनकी समस्याएं भी सुनीं।
बता दे, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि 2016 और 2018 से न्यायालय में लंबित तीन मामलों का निस्तारण मौके पर ही शिविर में न्यायालय लगाकर कर दिया गया।
शिविर में कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं शेष मामलों में संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई और स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास समेत 27 विभागों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया।
प्रशासन का कहना है कि "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" अभियान का उद्देश्य शासन को जनता के और करीब लाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।