नैनीताल के अयारपाटा वार्ड में रिहायशी इलाके में अजगर का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। सभासद और वन विभाग की मदद से उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। लोगों से सतर्क रहने की अपील।
नैनीताल के अयारपाटा वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब रिहायशी इलाके में एक अजगर का बच्चा दिखाई दिया। जहाँ सूचना मिलते ही नगर पालिका सभासद और समाजसेवी मनोज जगाती मौके पर पहुंचे और बड़ी सावधानी के साथ अजगर को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया।
आपको बता दे स्थानीय लोगों का कहना है कि अयारपाटा जैसे शहरी क्षेत्र में पहली बार अजगर देखा गया है। जिसे समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे किसी भी संभावित हादसे से बचाव हो गया। इतना ही नहीं प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि अजगर का बच्चा किसी वाहन के माध्यम से तराई क्षेत्र से यहां पहुंचा होगा। वहीं क्षेत्र में होटल और रिसॉर्ट अधिक होने के कारण ये संभावना जताई जा रही है कि वो सामान या किसी वाहन के साथ यहां तक आ गया।
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद पूरे इलाके में अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात ये रही कि अजगर ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
इसमें वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ सालो में नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में किंग कोबरा समेत अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी भी सामने आई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जा रही है।