रामनगर में पर्यटन व्यवस्था पर सवाल, अधिकांश होमस्टे जांच में फेल

रामनगर में प्रशासन के होमस्टे जांच अभियान में बड़ी लापरवाही उजागर हुई। 59 में से 57 होमस्टे नियमों के उल्लंघन में पाए गए, अब प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

रामनगर में पर्यटन व्यवस्था पर सवाल,  अधिकांश होमस्टे जांच में फेल
JJN News Adverties

रामनगर तहसील क्षेत्र में प्रशासन द्वारा चलाए गए बड़े होमस्टे जांच अभियान में भारी अनियमितताएं सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। संयुक्त टीमों की जांच में अधिकांश होमस्टे नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिसके बाद प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से तीन संयुक्त टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होमस्टे का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 59 होमस्टे की जांच की गई।

जांच में केवल एक होमस्टे ऐसा मिला, जहां किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं पाई गई। वहीं एक अन्य होमस्टे को विधिवत प्रक्रिया के तहत होटल में परिवर्तित किया गया था। इसके अलावा बाकी 57 होमस्टे में अलग-अलग तरह की खामियां और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं।

प्रशासन के अनुसार कई होमस्टे बिना जरूरी दस्तावेजों, पंजीकरण और निर्धारित मानकों के संचालित किए जा रहे थे। कुछ स्थानों पर भवन निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जांच में सामने आई सभी अनियमितताओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को भेज दी गई है। साथ ही संबंधित विभागों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत करा दिया गया है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties