कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारा सिंह नेगी ने पार्टी से नाता तोड़ते हुए अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ उत्तराखंड क्रांति दल यानी UKD की सदस्यता ग्रहण कर ली, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले....
कालाढूंगी विधानसभा की राजनीति में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारा सिंह नेगी ने पार्टी से नाता तोड़ते हुए अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ उत्तराखंड क्रांति दल यानी UKD की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वही कार्यक्रम में UKD के संरक्षक काशी सिंह ऐरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बता दे, तारा सिंह नेगी लंबे समय से नैनीताल जिले में कांग्रेस से जुड़े रहे और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में उनके पार्टी छोड़ने को कालाढूंगी विधानसभा की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब राष्ट्रीय दलों से निराश हो चुकी है और लगातार उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़ रही है।
इस सदस्यता कार्यक्रम में पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी समेत उत्तराखंड क्रांति दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।