श्री कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए..
नैनीताल: श्री कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले से पहले आज मंजुनाथ टीसी, निवेदिता कुकरेती और जिलाधिकारी नैनीताल ने पुलिस बल को ब्रीफ कर तैयारियों का जायजा लिया।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था में 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते (BDS) और एटीएस की टीमें भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेंगी। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों, शटल सेवा प्वाइंट और प्रमुख चौराहों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीमें, एंबुलेंस, फायर सर्विस और आपदा राहत दल को भी तैनात रखा गया है।
आईजी कुमाऊं ने मेले से पहले सभी होटल और ठहरने वाले स्थानों की रैंडम चेकिंग के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाएगा। पुलिस ने विभिन्न रूटों के लिए अलग-अलग रंगों के स्टीकर जारी किए हैं और वाहनों को उसी के आधार पर निर्धारित मार्गों से भेजा जाएगा।
भारी भीड़ को देखते हुए पूरे नैनीताल जिले में 35 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आईजी कुमाऊं ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, जिससे मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।