कैची धाम में चलती थार पर स्टंट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

नैनीताल के कैची धाम मार्ग पर थार में खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बोनट पर बैठकर स्टंट करने वाले युवक का चालान किया गया, SSP ने सख्त चेतावनी दी।

कैची धाम में चलती थार पर स्टंट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
JJN News Adverties

श्री कैची धाम मार्ग पर युवकों की स्टंटबाजी अब भारी पड़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक चलती थार गाड़ी की बोनट और खिड़कियों पर बैठकर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। यह स्टंट न सिर्फ उनकी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता था।

बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की थार गाड़ी तेज रफ्तार में कैची धाम मार्ग पर दौड़ रही थी। इसी दौरान दो युवक गाड़ी की बोनट और खिड़की पर बैठे दिखाई दिए, जबकि चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।

मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने वाहन चालक की पहचान कर राहुल नाम के युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक चालक ने भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की बात कहते हुए माफी भी मांगी है। एसएसपी नैनीताल ने साफ कहा है कि जिले में स्टंटबाजी, हुड़दंग और कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं और अपनी तथा दूसरों की जान खतरे में डालने वाली हरकतों से बचें।

JJN News Adverties
JJN News Adverties