नैनीताल: तल्लीताल क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नगर पालिका में कार्यरत एक अनुसेवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला है..इलाके में हड़कंप...
नैनीताल: तल्लीताल क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नगर पालिका में कार्यरत एक अनुसेवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तल्लीताल के हरिनगर निवासी दीपक कुमार (32 वर्ष) नगर पालिका में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच से छह दिनों से कार्यालय नहीं जा रहे थे।
मंगलवार शाम परिवार के सदस्य घर के कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान परिजनों की नजर दीपक पर पड़ी, जो कमरे की बल्ली से गमछे के सहारे लटके हुए मिले। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल नीचे उतारकर बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि युवक का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है।