मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी बनाने के लिए नैनीताल में आज से विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान की शुरुआत हो गई है...
मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी बनाने के लिए नैनीताल में आज से विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत अब BLO घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करेंगे और उनके विवरणों का सत्यापन करेंगे।
वही अभियान की औपचारिक शुरुआत नैनीताल स्थित लोक भवन से हुई, जहां निर्वाचन अधिकारियों ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को गणना फॉर्म सौंपकर इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया।
दरअसल, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी BLO आपके घर गणना फॉर्म लेकर पहुंचे, तो उसे सावधानीपूर्वक भरकर रखें और मांगे जाने पर समय पर जमा करें। उन्होंने कहा कि सही जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, क्योंकि एक सटीक मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होती है।
प्रशासन का कहना है कि अभियान के दौरान सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाता विवरणों को अपडेट करने का काम करेंगे। इसलिए नागरिकों से भी इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने की अपील की गई है।