28 वर्षीय युवक का निगलाट के पास संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। SDRF और पुलिस ने रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहाड़ की शांत वादियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कैंची धाम की ओर पैदल जा रहा एक युवक अचानक गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को करीब 200 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय अनुराग बाजपेई पुत्र कृष्ण कुमार बाजपेई निवासी मोसमद्दी, लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश, सोमवार शाम करीब 7 बजे भवाली से कैंची धाम की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान निगलाट के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी।
वहीं, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखकर परिजनों को सूचना दे दी है। एसएसआई आसिफ खान के अनुसार मंगलवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।