नैनीताल के लालकुआं में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप। बंद घर का दरवाजा तोड़कर चोर 11.5 तोला सोना और नकदी लेकर फरार, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।
नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। दरअसल, यह मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित तिवारी नगर चित्रकूट का है। यहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, घर की मालकिन चंद्रा कोठारी अपने बच्चों के साथ सुबह करीब 11 बजे घर पर ताला लगाकर अपने दूसरे घर घोड़ानाला गई थीं, जहां उनके सास-ससुर रहते हैं। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और घर के पीछे का लोहे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने आराम से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब साढ़े 11 तोला सोना और 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। तो वही शाम को जब चंद्रा कोठारी वापस लौटीं, तो घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।