रामनगर के कुनखेत क्षेत्र में बाघ ने घास काट रही महिला पर हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि बहू के शोर मचाने पर बाघ भाग गया। वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
रामनगर वन प्रभाग के कुनखेत क्षेत्र में रविवार सुबह बाघ के हमले से दहशत फैल गई। ऐसे में जंगल से सटे इलाके में घास काट रही 65 साल की बसंती देवी पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। आपको बता दे हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
वहीं गनीमत रही कि साथ मौजूद उनकी बहू ने शोर मचाकर बाघ को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
साथ ही पूर्व ग्राम प्रधान हेमचंद्र ने बताया कि घटना आबादी से सटे क्षेत्र में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेफर किए जाने के बाद भी काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। साथ ही वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, रेंज अधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है। ऐसे में बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। तो घटना के बाद कुनखेत और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।