रामनगर में टाइगर के हमले में घायल 6 माह के हाथी के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। वन विभाग ने रेस्क्यू कर इलाज कराया, लेकिन हालत नाजुक होने से बचाया नहीं जा सका।
नैनीताल जिले के रामनगर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां टाइगर के हमले में घायल एक मासूम हाथी के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
आपको बता दें घटना देचौरी रेंज की है, जहां सफारी के दौरान गाइड और जिप्सी चालकों को पवलगढ़ मार्ग के पास एक 6 माह का हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर टाइगर के पंजों और दांतों के गहरे निशान थे।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर उसे कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक थी।
तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम हाथी की जान नहीं बचाई जा सकी।
वन विभाग ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को दफना दिया है।