नैनीताल के टनकपुर में जमीन विवाद से परेशान ग्रामीण ने जहर खाया, इलाज के दौरान मौत। 11 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
नैनीताल जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां जमीन के पैसे वापस न मिलने से परेशान एक ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दरअसल, यह मामला टनकपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे पुलिस की चीता मोबाइल टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति दर्द में कराहता हुआ मिला। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने सल्फास खा लिया है।
इसके बाद पुलिस तुरंत उसे उपजिला चिकित्सालय लेकर पहुंची, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मौड़ा गांव निवासी 55 साल दीवान सिंह बोहरा के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, मृतक के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके पिता ने खटीमा निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। लेकिन बाद में वही जमीन किसी और को बेच दी गई। न तो जमीन मिली और न ही पैसे वापस किए गए। इसी वजह से उसके पिता काफी समय से मानसिक तनाव में थे और परेशान चल रहे थे।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।