रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवक पर जानलेवा हमला हुआ। घायल युवक ने नशा कारोबारियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के सरकारी दावों के बीच रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। दरअसल कंदला थारी गांव में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। ऐसे में घायल युवक का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्तौल की बट, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। इसमें घटना के बाद उसे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इतना ही नहीं घायल शेर सिंह का आरोप है कि वो लंबे समय से क्षेत्र में चल रहे कथित नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठा रहा था और कई बार पुलिस से शिकायत भी कर चुका था। उसका कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और अब उसे निशाना बनाया गया।
आपको बता दे पीड़ित ने पीरूमदारा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा देने की मांग की है। वहीं, रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. सारिक ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।