नैनीताल में धर्मांतरण और ठगी मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY गिरफ्तार। कई महिलाओं से ठगी व दबाव के आरोप, SIT जांच के बाद जेल भेजा गया।
नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बहुचर्चित धर्मांतरण और ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भीमताल क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी असली पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रेकिंग और म्यूजिक सेशन जैसी गतिविधियों के जरिए पहले महिलाओं का भरोसा जीतता था। इसके बाद वह उन्हें अपने जाल में फंसाकर आर्थिक शोषण करता और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था।
एक पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उससे करीब 17 लाख रुपये कैमरा, लेंस और अन्य सामान के नाम पर खर्च कराए। साथ ही शादी का झांसा देकर अपनी पहचान छिपाई और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। जांच के दौरान अन्य महिलाओं ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस पूरे मामले को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर भीमताल पुलिस, SIT और SOG की संयुक्त टीम बनाई गई। लगातार दबिश के बाद आरोपी को नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का साफ कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।