पौड़ी हाईवे पर ट्रक और टेंपो ट्रैवलर की भिड़ंत में कई यात्री घायल हो गए। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी
Uttarakhand के Pauri जिले में श्रीनगर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगा दर्शन से आगे ट्रक और टेंपो ट्रैवलर की जोरदार भिड़ंत में कई यात्री घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर डंडानागराज, पौड़ी से दर्शन कर वापस Rudraprayag लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के समय टेंपो ट्रैवलर में कुल 14 यात्री सवार थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक श्रीनगर की ओर से पौड़ी जा रहा था, जबकि टेंपो ट्रैवलर ट्रक के बीच वाले हिस्से से जा भिड़ी।
हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें टेंपो ट्रैवलर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सभी घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर संयुक्त अस्पताल और श्रीकोट बेस अस्पताल भेजा गया है। बाजार चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।