पौड़ी गढ़वाल जिले में जंगल में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है
उत्तराखंड में एक बार फिर गुलदार का खूनी आतंक देखने को मिला है। पौड़ी गढ़वाल जिले में जंगल में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नैनी डांडा विकासखंड के ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह दो महिलाएं जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक हमला कर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। साथ मौजूद दूसरी महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तो वही ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों के हमले बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।