भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पॉक्सो, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और नाबालिग का गर्भपात कराने समेत गंभीर आरोपों में पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया।आगे की जांच जारी है।
नैनीताल पुलिस ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात उनके घर से हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ पॉक्सो, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और नाबालिग का गर्भपात कराने समेत गंभीर आरोपों में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक़, मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया। इससे पहले निचली अदालत और उत्तराखंड हाईकोर्ट दोनों उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुके हैं।
साथ ही पुलिस टीम के घर पहुंचने पर नरेश पांडे सोशल मीडिया पर लाइव हो गए। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न और बिना वारंट कार्रवाई का आरोप लगाया और जहर पीने का दावा भी किया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरोपी भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।
इतना ही नहीं SSP मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि आरोपी नामजद और वांछित था। वहीं जांच में मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।