पिथौरागढ़ से लौट रहा हेलीकॉप्टर खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते काठगोदाम में इमरजेंसी लैंडिंग करने को मजबूर हुआ। सभी यात्री और पायलट सुरक्षित हैं।
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी लौट रहा एक हेलीकॉप्टर... अचानक शहर के घरों के ऊपर काफी देर तक मंडराने लगा। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हेलीकॉप्टर हल्द्वानी के गौलापार स्थित हेलीपैड से यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ गया था। वहां यात्रियों को छोड़ने के बाद वापसी के दौरान दो अन्य यात्रियों को लेकर हल्द्वानी लौट रहा था। लेकिन रास्ते में अचानक मौसम खराब हो गया। वही तेज बारिश और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण पायलट के लिए निर्धारित हेलीपैड तक पहुंचना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि पायलट ने पहले गौलापार स्थित हेलीपैड तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन मौसम लगातार बिगड़ता गया। इसके बाद उन्होंने सुरक्षित स्थान पर उतरने के लिए अनुमति मांगी। कई जगह लैंडिंग की कोशिश की गई, लेकिन खराब मौसम के चलते यह संभव नहीं हो सका।
इस दौरान हेलीकॉप्टर काफी देर तक काठगोदाम इलाके में लोगों के घरों की छतों के ऊपर मंडराता रहा। वही अचानक आसमान में नीचे उड़ते हेलीकॉप्टर को देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालात को देखते हुए पायलट को नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम के मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति दी गई। अनुमति मिलते ही हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद हेलीकॉप्टर में सवार दोनों यात्रियों को निजी वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं हेलीकॉप्टर को भी सुरक्षित रखा गया।
वही तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि खराब मौसम और बेहद कम विजिबिलिटी की वजह से एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। हेलीकॉप्टर, पायलट और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।