श्रीनगर में घरेलू विवाद के बाद युवक अलकनंदा नदी में जाने लगा। परिवार को वीडियो कॉल कर नदी में उतरने की बात कहने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रेस कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उत्तराखंड के श्रीनगर से एक ऐसा मामला सामने आया, जहां समय रहते पुलिस की कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। घरेलू विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में घर से निकल गया और अलकनंदा नदी में डूबने की बात कहने लगा।
बताया जा रहा है कि युवक लगातार अपने परिवार को वीडियो और वीडियो कॉल कर रहा था। वीडियो में वह नदी किनारे दिखाई दे रहा था और धीरे-धीरे पानी में उतरता नजर आ रहा था। ये देखकर परिवार पूरी तरह घबरा गया।
मंगलवार 26 मई को युवक की पत्नी सीधे श्रीनगर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस तुरंत एक्टिव हुई।
पुलिस टीम ने युवक की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिसमें लोकेशन चौरास पुल श्रीकोट क्षेत्र के पास मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अलकनंदा नदी के बीच तक जा चुके युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस की तेज कार्रवाई और सूझबूझ की वजह से युवक की जान बच गई। परिवार ने बताया कि युवक नशे का आदी है और पहले रिहैब सेंटर में भी रह चुका है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
समय रहते हुए इस रेस्क्यू ने एक परिवार को टूटने से बचा लिया।