रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा, कार 250 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन युवकों की मौके पर मौत। SDRF रेस्क्यू में जुटी, एक शव निकाला गया, बाकी के लिए अभियान जारी, क्षेत्र में शोक।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से इस वक्त बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक शव को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह, अमित सिंह और अंशुल के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और आगे की कार्रवाई जारी है, जबकि SDRF की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।